
मुंबई, फरवरी 2: ‘ऑल स्टार्स टेनिस बॉल क्रिकेट लीग’ का दूसरा सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है। टेलीविजन अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने इस इवेंट के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस बार लीग में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की कोई कमी नहीं होगी।
अर्जुन ने बताया, “इस बार सभी दस टीमें पूरी तरह से तैयार हैं। यह टूर्नामेंट मुंबई के बांद्रा में विंग्स ग्राउंड पर 9 फरवरी से 14 फरवरी तक चलेगा। मेरी टीम, मुंबई किंग्स, भी इसमें भाग लेगी। मैं सीजन 2 के लिए बहुत उत्साहित हूं।”
पिछले सीजन को याद करते हुए, अर्जुन ने कहा कि उनकी टीम रनरअप रही थी। उन्होंने कहा, “पिछली बार पुणे ने जीत हासिल की थी, जो एक मजबूत टीम है। दिल्ली की टीम भी अच्छी है, जो करण भाई की है। करण एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनकी टीम में कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं। पिछले साल हम रनरअप बने थे, लेकिन इस बार जीतने की उम्मीद है।”
अर्जुन ने अपने बचपन की क्रिकेट यादों को साझा किया। उन्होंने कहा, “क्रिकेट सभी की जिंदगी में खास यादें जोड़ता है। हम गली में या बिल्डिंग के अंदर क्रिकेट खेलते थे। बिल्डिंग के मैच सबसे मजेदार होते थे। जीतने वाली टीम को सारे पैसे मिलते थे और हम छोटी-छोटी पार्टियां करते थे। वो दिन सच में याद आते हैं।”
हाल ही में, अर्जुन बिजलानी कुकिंग कॉमेडी शो ‘लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ के तीसरे सीजन में नजर आए थे। इस शो का ग्रैंड फिनाले हो चुका है, जिसमें टीम कांटा ने टीम छुरी को हराया। टीम कांटा में कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह, अभिषेक कुमार, समर्थ जुरेल, अली गोनी और जन्नत जुबैर शामिल थे।